अमेठी सिटी। अमेठी के बेनीपुर स्थित 50 शैय्या आयुष अस्पताल में मरीजों को पेयजल व प्रसाधन की परेशानी का सामना अब नहीं करना पड़ेगा। जिला पंचायत के 15 वें वित्त आयोग फंड से इस सुविधाओं को विकसित करने पर 13.74 लाख रुपये खर्च होंगे। प्रस्तावित कार्यों को मिली मंजरी के बाद इसकी निविदा प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। जल्दी ही प्रस्तावित कार्यों को शुरू कराया जाएगा।
बनीपुर स्थित आयुष अस्पताल में मरीजों को पेयजल व प्रसाधन की परेशानी को दूर करने के लिए जिला पंचायत की ओर से सर्वे करवाया गया था। सर्वे में अस्पताल में पेयजल व प्रसाधन की सुविधा उपलब्ध न होना पाया गया। इन सुविधाओं पर खर्च होने वाली धनराशि का स्टीमेट तैयार कर इसका प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद 15वेें वित्त आयोग की धनराशि से कार्य करवाने के लिए शासन से खर्च धनराशि की मांग की गई है।
शासन ने जिला पंचायत के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए प्रस्तावित खच राशि 13.74 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। जिला पंचायत की तरफ से निविदा प्रक्रिया को पूरा कर कार्यदायी संस्था का चयन भी कर लिया गया है। इससे अस्पताल में जल्दी ही प्रस्तावित पेयजल व प्रसाधन परियोजना का कार्य पूरा हो सकेगा। इसका सीधा फायदा यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को मिलेगा।
गुणवत्ता के साथ होंगे प्रस्तावित कार्य
अपर मुख्य अधिकारी नरेंद्र बहादुर ने बताया कि बेनीपुर स्थित आयुष अस्पताल में पेयजल व प्रसाधन के कार्य के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। अस्पताल में प्रस्तावित निर्माण कार्य को जल्दी नामित संस्था की मदद से पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करवाया जाएगा।