फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: बच्चों संग महिला की मौत के कारणों पर संशय बरकरार

Sun, 19 Apr 2026 12:42 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
जगदीशपुर के उरवा गांव में रीता व बच्चे का शव आने के बाद मौजूद ग्रामीण। -संवाद
विज्ञापन
जगदीशपुर। रेल ट्रैक पर दो बच्चों के साथ जान गंवाने वाली रीता और उनके बच्चों की मौत के कारणों पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद सामने आए लेनदेन ने मामले को और उलझा दिया है। जानकारी के अनुसार रीता ने एक स्वर्णकार के माध्यम से दो दिन में पांच बार में तीन युवकों के खातों में 85 हजार रुपये भेजे थे। ये युवक कौन हैं और रीता ने इतनी बड़ी रकम क्यों भेजी, यह अब एक बड़ा सवाल है, जो मौत के कारणों पर संशय बढ़ा रहा है।
विज्ञापन



उरुवा गांव निवासी रीता की बृहस्पतिवार रात शटल एक्सप्रेस की चपेट में आने से बेटे आदित्य (6) और बेटी वैष्णवी (4) के साथ मौत हो गई थी। घटना के बाद रीता के भाई लवलेश को एक स्वर्णकार ने पहले उधार देने की बात कही, बाद में उसने बयान बदलते हुए बताया कि रीता ने नकद रकम देकर यह पैसा विभिन्न खातों में भेजवाया था। 11 और 12 अप्रैल को पांच अलग-अलग किस्तों में 85 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। ग्रामीणों में इस लेनदेन को लेकर चर्चा तेज है।


इतनी बड़ी रकम कम समय में भेजने के पीछे क्या कारण रहा और संबंधित युवक कौन हैं, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। पति कन्हैया लाल ने बताया कि रीता के खातों में पर्याप्त धन था, इसलिए उधार लेने की बात सही नहीं लगती। उन्होंने यह भी कहा कि रकम किसे भेजी गई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
विज्ञापन



इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने बताया कि मामले से जुड़ी अभी कोई तहरीर नहीं मिली है और न ही परिजनों ने कोई आरोप लगाया है। पूरे मामले में सामने आ रहे सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और परिजनों के आरोपों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।




कस्बे में बच्चों के साथ दिखी थी रीता

ग्रामीणों के अनुसार शुक्रवार शाम रीता बच्चों के साथ जगदीशपुर कस्बे में नजर आई थी। एक व्यक्ति ने उसे चाट की दुकान पर बच्चों के साथ देखा था। इसके बाद उसका मायके के लिए निकलना और रेल ट्रैक तक पहुंचना लोगों को हैरान कर रहा है।




मौत से पहले पति से हुई थी बात

परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:45 बजे रीता ने अमृतसर में रह रहे पति कन्हैया लाल से फोन पर बातचीत की थी। बातचीत सामान्य रही थी। इसके बाद की घटनाएं अब भी स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।




आखिर कहां है रीता का मोबाइल

घटना के बाद से रीता का मोबाइल फोन नहीं मिला है, जिससे कई सवाल उठ रहे हैं। परिजन और ग्रामीण मानते हैं कि मोबाइल मिलने पर कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। कॉल डिटेल, आखिरी बातचीत और लेनदेन की जानकारी से घटना की कड़ियां जुड़ सकती हैं। पुलिस मोबाइल की तलाश में जुटी है। माना जा रहा है कि इसमें ऐसे सुराग हो सकते हैं, जिनसे यह स्पष्ट हो सके कि घटना से पहले रीता किन लोगों के संपर्क में थी और किन परिस्थितियों में वह रेलवे ट्रैक तक पहुंची।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें