बाजार शुकुल के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर क्षतिग्रस्त डबल डेकर बस को हटाते कर्मी। स्रोत : स्थान
बाजारशुकुल। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात आजमगढ़ से लुधियाना जा रही डबल डेकर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा बाजारशुकुल में एक्सप्रेसवे के 68वें किमी पर भटमऊ गांव के निकट हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे में चालक समेत पांच लोग घायल हो गए।
पंजाब के मुक्तसर जिले के लंबी थाना क्षेत्र के नुक्सर गांव निवासी चालक अमरेंद्र सिंह (35) बस में 42 यात्रियों को लेकर लुधियाना जा रहे थे। देर रात बस ट्रक से टकरा गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। यूपीडा की रेस्क्यू टीम और बाजारशुकुल पुलिस मौके पर पहुंची। बस के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक को निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा।
करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। सभी घायलों को सीएचसी बाजारशुकुल भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक समेत दो गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज तिलोई रेफर कर दिया। बाद में चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे लखनऊ भेजा गया।
बस के कंडक्टर कमलजीत सिंह ने बताया कि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं। उन्हें दूसरे वाहन से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। यूपीडा और पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।