गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर इंतजार करते यात्री।-संवाद
अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर अमेठी, गौरीगंज सहित अन्य स्टेशन के रेल यात्रियों को 30 जून तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जंघई में रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के कारण अमेठी और गौरीगंज होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि कुछ गाड़ियां आंशिक रूप से निरस्त रहेंगी।
रेलवे के अनुसार लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस 30 जून तक प्रभावित रहेगी। हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल और अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल 29 जून तक सुल्तानपुर मार्ग से संचालित होंगी। पटना-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस 26 जून को तथा जम्मूतवी-पटना अर्चना एक्सप्रेस 24 और 28 जून को परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस भी 26 और 30 जून को सुल्तानपुर मार्ग से संचालित होगी। रायबरेली-जौनपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 30 जून तक केवल प्रतापगढ़ तक ही चलेगी और वहीं से वापस लौटेगी। प्रतापगढ़-जौनपुर रेलखंड पर इसका संचालन नहीं होगा। वहीं बनारस-देहरादून जनता मेल को भी परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि गौरा, सुवंसा, बादशाहपुर, निभापुर और जंघई स्टेशनों को नई रेल लाइन से जोड़ने का कार्य चल रहा है। इसके चलते कई ट्रेनों को रास्ते में नियंत्रित भी किया जाएगा, जिससे लेटलतीफी बढ़ सकती है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।