फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: होटल-ढाबों में खप रहा घरेलू गैस सिलिंडर, बढ़ी मुसीबत

विज्ञापन
 गौरीगंज में खाली सिलिंडर लेकर गैस एजेंसी जाते उपभोक्ता। - फोटो : गौरीगंज में खाली सिलिंडर लेकर गैस एजेंसी जाते उपभोक्ता।
विज्ञापन
अमेठी सिटी। कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति ठप होने से होटल-ढाबों में चोरी-छिपे घरेलू गैस सिलिंडर की खपत बढ़ गई है। इससे आमजन की समस्या और बढ़ गई है। आम उपभोक्ता को एजेंसियों के बाहर लाइन लगानी पड़ रही है। प्रशासन घरेलू गैस सिलिंडर का पर्याप्त स्टॉक होने का दावा कर रहा है, लेकिन हकीकत इसके उलट है। लोगों को एजेंसियों पर घंटों इंतजार के बाद भी सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है। गैस की किल्लत के बीच मुनाफाखोरों के सक्रिय हो जाने से समस्या और बढ़ गई है। ये ज्यादा पैसे लेकर घरेलू सिलिंडर होटल और ढाबा संचालकों को बेच रहे हैं। कालाबाजारी और गैस चोरी की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं।
विज्ञापन

रसीद मिल रही पर सिलिंडर नहीं
उपभोक्ताओं को पहले ई-केवाईसी और ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ रही है। कई लोग मोबाइल से कंपनी के नंबर पर मिस कॉल देकर बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं। काफी प्रयास के बाद बुकिंग दर्ज होने पर काउंटर पर संदेश दिखाकर रसीद कटवानी पड़ रही है। रसीद मिलने के बाद भी सिलिंडर घर नहीं पहुंच रहा और उपभोक्ता को गोदाम पहुंचकर कतार में लगना पड़ रहा है।
घरेलू सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग
उपभोक्ताओं का आरोप है कि घरेलू सिलिंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल हो रहा है। दुकानदार अतिरिक्त शुल्क देकर सिलिंडर आसानी से प्राप्त कर लेते हैं, जबकि आम उपभोक्ता परेशान है। एजेंसियों के आसपास सक्रिय लोग उपभोक्ताओं और दुकानदारों से संपर्क कर अतिरिक्त पैसे लेकर सिलिंडर दिलाने की बात कर रहे हैं। गोदामों में स्टॉक की जांच, जमाखोरी की पड़ताल और वितरण व्यवस्था की निगरानी नहीं होने से समस्या बढ़ती जा रही है। एजेंसी के बाहर मौजूद पुलिसकर्मी वसूली की शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विज्ञापन



नहीं लगता बुकिंग नंबर, एजेंसी पहुंच रहे उपभोक्ता
रसोई गैस सिलिंडर की बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। गैस बुकिंग के लिए जारी टाेल फ्री नंबर पर फोन न लगने और मोबाइल पर ओटीपी न आने से घर बैठे सिलिंडर बुक नहीं हो पा रहा है। इस कारण बड़ी संख्या में लोग एजेंसियों पर पहुंचकर बुकिंग कराने और सिलिंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं।



ये कदम बन सकते हैं राहत का रास्ता
गैस एजेंसियों के गोदाम में स्टॉक की नियमित जांच हो।
लंबित बुकिंग वाले सिलिंडरों की आपूर्ति विशेष अभियान चलाकर पूरी की जाए।
डिलीवरीमैन के पास मौजूद सिलिंडरों और गैस के वजन की रैंडम जांच हो।
होटल, रेस्टोरेंट और खानपान इकाइयों में घरेलू सिलिंडर के व्यावसायिक उपयोग पर कार्रवाई हो।
पुलिस सहयोग से गैस चोरी और अवैध रिफिलिंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाए।


पर्याप्त है स्टॉक
डीएम संजय चौहान ने बताया कि घरेलू गैस की कोई समस्या नहीं है। गैस एजेंसियों और गोदामों पर नजर रखी जा रही है। खपत से ज्यादा मांग बढ़ने के कारण भीड़ बढ़ रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें