अमेठी। पिछले 17 जुलाई को लोक भवन के सामने आग लगा कर आत्महत्या करने वाली शाफिया की बेटी गुड़िया प्रशासन की कार्यशैली से खफा होकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में अनशन पर बैठ गई। अनशन पर बैठी गुड़िया ने अपनी हत्या का अंदेशा जताते हुए केंद्रीय सुरक्षा दिलाने, बयान दर्ज कराने तथा इलाज के दौरान हत्या के प्रयास का अनावरण करने की मांग की है।
नाली विवाद तथा मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज जामो कस्बा निवासी सगीर की पत्नी शाफिया ने अपनी बेटी गुड़िया के साथ 17 जुलाई को लोकभवन के सामने आग लगाई थी।
जिसमें शाफिया की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मौत के बाद जिला प्रशासन ने गुड़िया के घर सुरक्षा बल तैनात कर आवश्यक कार्यवाही की थी। मां की मौत के बाद गुड़िया को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां गुड़िया ने कुछ लोगों पर हत्या की साजिश का अंदेशा जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।
बीते दिनों केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से नहीं मिल पाने व जिला प्रशासन के रवैये से नाराज गुड़िया अपने भाई सुल्तान के साथ मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अनशन पर बैठ गई।
गुड़िया ने जिला प्रशासन पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाने के साथ ही खुद की हत्या करने का अंदेशा जाहिर करते हुए प्रदेश की पुलिस के स्थान पर केंद्रीय सुरक्षा बल तैनात करने, लखनऊ कांड में बयान दर्ज कर कार्रवाई करने तथा हत्या की साजिश रच रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा परिचित व रिश्तेदारों को उससे मिलने की छूट देने की मांग की है।
गुड़िया ने जिला प्रशासन पर जानकारी के बावजूद धरना स्थल आकर वार्ता नहीं करने की बात कहते हुए मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रखने की चेतावनी दी है। गुड़िया के अनशन पर बैठने की सार्वजनिक होने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से फोर्स तैनात की गई है।