अमेठी सिटी। संजय गांधी अस्पताल मुंशीगंज में उपचार के दौरान गत बुधवार रात बुजुर्ग की मौत के बाद ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक से अभद्रता से नाराज डॉक्टरों ने सोमवार को ओपीडी ठप कर प्रदर्शन किया। इस दौरान चिकित्सकों को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने एवं आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। दोपहर करीब एक बजे तक ओपीडी सेवा बंद रहने से दूर दराज से इलाज के लिए आए कई मरीज निराश होकर लौट गए।
अस्पताल में बुधवार रात कार्डियोलॉजी विभाग में ऑपरेशन के दौरान गौरीगंज के मऊ निवासी बुजुर्ग शिवराम मिश्र की मौत हो गई थी। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। चिकित्सक डॉ. संजय द्विवेदी सहित अन्य डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। उधर, चिकित्सकों ने भी तीमारदारों पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इसके बाद भी केस नहीं दर्ज हुआ तो सभी चिकित्सकों ने शनिवार को बैठक कर हड़ताल शुरू कर दी थी। सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं देने का फैसला लिया था।
इसी के चलते सोमवार को ओपीडी सेवा बंद कर दी। ऐसे में अस्पताल आए मरीजों को परेशान होना पड़ा। चिकित्सकों ने बताया कि घटना से चिकित्सकों व कर्मियों में भय है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा मुहैया कराई जाए और आरोपियों के विरुद्ध जांच कर केस दर्ज किया जाए। इसी मांग को लेकर वे आंदोलन कर रहे हैं।
सीओओ के हस्तक्षेप से दोपहर में शुरू हुई ओपीडी
ओपीडी ठप होने से ज्यादातर मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा। अस्पताल आए महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उन्हें ओपीडी में चिकित्सक को दिखाना था, लेकिन हड़ताल के चलते लौटना पड़ रहा है। मरीज रामराज ने बताया कि शनिवार को भी इलाज के लिए आए थे, लेकिन लौटना पड़ा था। सोमवार को भी चिकित्सक ओपीडी में नहीं बैठे हैं, ऐसे में फिर लौटना पड़ रहा है। व्हीलचेयर पर ओपीडी के बाहर मिलीं विमला ने बताया कि चिकित्सक को दिखाना है, लेकिन ओपीडी ठप है। मरीजों की परेशानी को देखते हुए अस्पताल के सीओओ ने डॉक्टरों को कार्रवाई का आश्वासन देकर मनाया। इस पर दोपहर में करीब एक बजे ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई। इससे मरीजों को राहत मिल गई। सीओओ अवधेश शर्मा ने बताया कि दोपहर एक बजे के बाद चिकित्सकों ने ओपीडी शुरू कर दी है। मरीजों का उपचार किया जा रहा है।