जिला अस्पताल स्थित ओपीडी कक्ष में बंद पड़ा डॉक्टर का चैंबर।
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में नए वर्ष के पहले दिन कई चिकित्सकों के अवकाश पर रहने से ओपीडी में आए मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। छठवें दिन भी फिजियोथेरेपी विभाग में विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। ऐसे में यहां आने वाले मरीजों को मायूस होकर लौटना पडा।
नववर्ष के पहले दिन सरकारी कार्यालयों में चहल-पहल बहुत कम रही। जिला अस्पताल में भी इसका असर दिखा। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में डॉ. शुभम पांडेय, डॉ. प्रणव गौतम, डॉ. एनके त्रिपाठी, डॉ. हनुमान प्रसाद उपस्थित नहीं थे। ऐसे में अस्पताल पहुंचे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहींं, बीते दिनों अस्पताल में आपातकालीन केबल जल गई थी। जिसके चलते अस्पताल में संचालित फिजियोथेरेपी विभाग में विद्युत आपूर्ति की समस्या उत्पन्न हो गई। छठवें दिन भी आपूर्ति बहाल न होने से फिजियोथेरेपी की मशीनें पूरी तरह ठप से हैं। ऐसे में फिजियोथेरेपी कराने वाले मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। विभाग में मौजूद फिजियोथेरेपिस्ट राम सिंह रघुवंशी मरीजों को एक्सरसाइज आदि टिप्स देते दिखे। उन्होंने बताया कि केबल ठीक हो गई है। कक्ष में कनेक्शन देने का कार्य बाकी है।