जिला अस्पताल में जांच करते डॉक्टर
अमेठी सिटी। तापमान बढ़ने से बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। शरीर में पानी की कमी के कारण कहीं कोई डायरिया की चपेट में आ रहा है तो कहीं पर किसी को ब्लड प्रेशर की समस्या हो रही है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों की सलाह है कि शरीर में पानी की कमी न होने दें, हर आधे घंटे पर एक गिलास पानी का सेवन करें। साथ ही नमक, नींबू व हल्की चीनी का घोल बनाकर पिएं। शनिवार को जिला अस्पताल में 611 मरीजों का पंजीकरण ओपीडी में हुआ। इसमें अधिकांश मौसम जनित बीमारियों के थे। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. लईक-उल्ल-जमा ने बताया कि एक सप्ताह में बीमार बच्चों की संख्या बढ़ी है। बताया कि बीमार बच्चों को घर पर अपनी मर्जी से दवाएं न दें, क्योंकि यह नुकसानदायक हो सकता है। अस्पताल पहुंच डॉक्टर के परामर्श पर ही बच्चों को दवा दे।
फिजिशियन डॉ शुभम पांडेय ने बताया कि तेज धूप के चलते लोग जैसे ही छांव में पहुंचते हैं तो ठंडा पानी और शीतल पेय पदार्थ का सेवन कर लेते हैं। इससे कुछ देर राहत तो मिलती है, लेकिन इससे जुकाम की चपेट में आ जाते हैं। फिजीशियन डॉ. अमित यादव ने बताया कि गर्मी में तरबूज, चना व सत्तू आदि खाएं। अधिक पानी पिएं। शरीर में पानी की कमी न होने दें। गर्मी में शरीर में पानी की कमी होने से ब्लड प्रेशर लो होता है। शारीरिक क्षमता कम होने लगती है। ऐसे में शरीर में पानी की कमी न होने दें। नमक, नीबू व हल्की चीनी का घोल का प्रयोग करें। दोपहर में धूप में काम न करें। सुबह-शाम ही कार्य करें।