अमेठी सिटी। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सोमवार को होने वाले मतदान में इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर प्रशासनिक तंत्र पूरी ताकत लगाए हुए हैं। कमजोर बूथों को चिन्हित करके वहां पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अलग से प्लानिंग की गई है। सामाजिक संगठनों ने भी मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर इस बार कुछ खास पहले करने का निर्णय लिया है। वैसे प्रशासन ने मतदाता पर्ची वितरण के साथ ही हर बूथ पर बुलावा टोली का गठन किया है। गांव-गांव लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए टीमें लगाई गई हैं।
75 बूथों पर रहेगी मिठाई
- लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए इस बार 75 बूथों पर आंवले का लड्डू रखवाया जाएगा। गर्मी का मौसम है, ऐसे में मतदाताओं को कोई समस्या न हो, इसके लिए पानी का प्रबंध किया जाएगा।
वोट करें, ऑर्डर देने पर घर तक पहुंचेंगी दवाएं
- केमिस्ट एंड ड्रगस्टि एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया कि चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्णय लिया गया है कि वोट करने वाला अगर दवा के लिए ऑर्डर करता है तो उसके घर दवा पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इसका अलग से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। बताया कि हर दवा दुकानदार लोगों को मतदान के प्रति जागरूक भी कर रहा है।
डॉक्टर प्राथमिकता के आधार पर देंगे परामर्श
- इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। चिकित्सकों के पर्चों पर मतदान की अपील की गई है। मतदान करने के बाद आने वाले मरीजों में से जो वोट का निशान दिखाएगा उसे प्राथमिकता के आधार पर परामर्श दिया जाएगा। उसके लिए नंबर आने की बाध्यता नहीं होगी। साथ ही कुछ अन्य सहूलियत दिए जाने की बात चल रही है, इसको लेकर संगठन की बैठक में तय किया जाएगा।
अमिट स्याही लगाकर आने वाले वकीलों का होगा सम्मान
- सेंट्रल बार एसोसिएशन ने शत प्रतिशत मतदान को लेकर इस बार एक नया निर्णय लिया है। 20 मई को मतदान के बाद 22 मई को अमिट स्याही लगाकर कलेक्ट्रेट आने वाले वकीलों को सम्मानित किया जाएगा। एसोसिएशन के प्रवक्ता शीतला प्रसाद मिश्र ने बताया कि इस आशय की जानकारी अधिवक्ताओं को दे दी गई है।
110 बूथों पर मदद करेंगे युवा स्वयंसेवक
- वैसे तो प्रशासन ने हर बूथ पर एनएसएस व एनसीसी कैडेटों को तैनात करने की योजना बनाई है। नेहरू युवा केंद्र की उपनिदेशक डॉ. आराधना राज ने बताया कि वर्तमान में जिले मेें गांव-गांव में स्वयं सेवक जाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक कर रहे हैं। मतदान के लिए 110 बूथों पर युवा स्वयं सेवक रहेंगे। जो मतदाताओं की मदद करेंगे।
फैक्ट फाइल
कुल मतदाता- 1786125
कुल पुरुष मतदाता-937147
कुल महिला मतदाता-848878
कुल थर्ड जेंडर मतदाता-100
सर्विस मतदाता-2606
कुल विधानसभा- 05
कुल मतदान केंद्र- 1125
कुल मतदेय स्थल- 1923
मतदान की स्थिति पर एक नजर
लोकसभा चुनाव - कुल मतदाता - पड़े मत - मत प्रतिशत
2009 - 14,31,787 - 6,46,650 - 45.16
2014 - 16,69,843 - 8,74,625 - 52.38
2019 - 17,43,515 - 9,42,453 - 54.05