अमेठी सिटी। बहादुरपुर ब्लॉक के मोहइया केसरिया गांव में संचालित अस्थायी गोआश्रय स्थल का बुधवार को जिलाधिकारी संजय चौहान व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने निरीक्षण किया। डीएम ने गोवंशों के संरक्षण, आहार, चिकित्सा व साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने सभी गोवंशों की टैगिंग तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बीमार पशुओं की देखभाल की जानकारी लेते हुए पशु चिकित्साधिकारी को समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने हरे चारे की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, टीकाकरण रजिस्टर, भूसा रजिस्टर व केयरटेकर के भुगतान की स्थिति का भी अवलोकन किया और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी गोवंशों की समुचित देखभाल हो, विशेषकर बीमार और कमजोर पशुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही गोशाला परिसर की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
अस्थायी स्लॉटर हाउस का भी निरीक्षण
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने नगर पालिका परिषद जायस में बनाए गए अस्थायी स्लॉटर हाउस का भी बुधवार को निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने अधिशासी अधिकारी को सीसीटीवी कैमरा, पानी, सफाई, चूना छिड़काव तथा कुर्बानी के अवशेष के समुचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि संरक्षित पशुओं की कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। कुर्बानी का कोई भी वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न किया जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण में उपजिलाधिकारी तिलोई अमित सिंह, सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह, पालिका अध्यक्ष मनीषा सिंह व ईओ रविंद्र मोहन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।