गौरीगंज (अमेठी)। लॉकडाउन अवधि में जिले की सीमा में प्रवेश को प्रतिबंधित करने के साथ ही आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व सुविधा की हकीकत परखने के लिए डीएम ने शुक्रवार सुबह भी कई स्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वाहनों की चेकिंग के साथ जाफरगंज मंडी में लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन कराने का निर्देश दिया। डीएम ने क्वारंटीन सेंटर में लोगों को मिलने वाली सुविधा की जांच करते हुए भोजन की गुणवत्ता कायम रखने का निर्देश दिया।
कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक मुक्त जिले को सुरक्षित रखने की कोशिश में जुटे डीएम अरुण कुमार ने सीमावर्ती जनपद रायबरेली, सुल्तानपुर व अयोध्या में कई कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिले में सक्रियता बढ़ा दी है। बार्डर सील करने का निर्देश देने के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को डीएम ने इन्हौना बार्डर के साथ जाफरगंज मंडी व तिलोई स्थित 200 शैय्या के अस्पताल में बने क्वांरटीन सेंटर व किचन का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बार्डर समेत कई स्थानों पर वाहनों की चेकिंग कराते हुए कर्मियों को जिले की सीमा में आवश्यक वस्तु सामग्री के वाहन को छोड़कर किसी को प्रवेश नहीं देने तो जाफरगंज मंडी में सामग्रियों के कीमतों की जानकारी लेते हुए सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखकर सामान की लोडिंग व अनलोडिंग का निर्देश दिया।
डीएम ने तिलोई स्थित क्वारंटीन सेंटर में रखे गए लोगों से जानकारी लेते हुए अफसरों को सभी की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए गुणवत्ता परक भोजन व सुविधा देते हुए क्वारंटीन अवधि पूरी होने पर स्वास्थ्य परीक्षण कर होम क्वारंटीन करने का निर्देश दिया। डीएम ने जिले की सीमा में लोगों का प्रवेश मिलने तथा सोशल डिस्टेंसिंग नियमों की अवहेलना होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।