अमेठी। थाना क्षेत्र के कोछित स्थित गोमती नदी में नहाने उतरे तीन किशोरों में एक पानी के तेज बहाव में बहकर डूब गया। साथ गए दो किशोरों ने पहले उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता न मिलने पर परिवारीजनों को इसकी सूचना दी। इस पर पहुंचे परिवारीजन व गोताखोर किशोर को तलाशने में जुटे रहे लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कहीं पता नहीं चल सका है।
थाना क्षेत्र के दिछौली निवासी जयकृष्ण का 17 वर्षीय पुत्र आशुतोष विश्वकर्मा अपने 10 वर्षीय भाई अतुल विश्वकर्मा व गांव के ही 16 वर्षीय शिवा विश्वकर्मा के साथ पड़ोस के गांव कोछित स्थित डंडेश्वर नाथ धाम (शिव मंदिर में) दर्शन के लिए मंगलवार सुबह छह बजे घर से निकले थे।
साढ़े छह बजे तीनों मंदिर के समीप गोमती नदी के घाट पर स्नान करने लगे। इसी बीच पैर फिसलने से आशुतोष पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा जो कुछ देर बाद डूब गया। छोटे भाई अतुल व शिवा ने भागकर पास में पड़ी सरिया लेकर बचाने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
दोनों भागकर घर पहुंचे और परिवारीजनों को सूचना दी। परिवारीजन ग्रामीणों व स्थानीय प्रशासन को सूचना देते हुए आननफानन में मौके पर पहुंचे। वे स्थानीय नाविक और गोताखोरों के साथ ढूंढने में कई घंटे लगे रहे लेकिन आशुतोष को ढूंढ नहीं सके।
मौके पर पहुंचे मुसाफिरखाना फायर सर्विस कर्मियों ने नदी में जाल डलवाया लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। खबर लिखे जाने तक किशोर को ढूंढने का प्रयास जारी रहा। किशोर के नदी में डूब जाने और उसका कही पता नहीं लगने से परिवार को कोहराम मचा है।