गौरीगंज (अमेठी)। विशुनदासपुर स्थित निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट परिसर के आवासीय व अनावासीय भवन का शनिवार को डीएम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धनाभाव में कार्य बंद देख डीएम नाराज हो गए। डीएम ने कार्यदायी संस्था के प्रभारी को फटकार लगाते हुए शासन को डिमांड भेजने के साथ आवासीय/अनावासीय भवन निर्माण जल्द पूरा करने को कहा।
10.40 करोड़ की लागत से विशुनदासपुर में बन रहे कलेक्ट्रेट भवन व आवासीय भवनों का सोमवार को आयुक्त राजस्व परिषद की ओर से निरीक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए शनिवार को डीएम अरुण कुमार ने निर्माणाधीन कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान धनाभाव में कार्य बंद देख डीएम नाराज हो गए।
नाराज डीएम ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड अयोध्या के अधिशाषी अभियंता को फटकार लगाते हुए शासन को धन डिमांड का पत्र भेजने का निर्देश दिया। डीएम ने परिसर में निर्मित डीएम आवास के साथ आवासीय भवनों को शीघ्र पूरा करने के साथ निर्माण कार्य में मानक व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।
डीएम ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेसिंग व मास्क का प्रयोग कर श्रमिकों से निर्माण कार्य करवाने तथा एक्सईएन लोक निर्माण विभाग को प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा। डीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने की दशा में कार्यदायी संस्था को रिकवरी की चेतावनी दी। इस मौके पर सीडीओ डॉ. अंकुर लाठर व एडीएम वंदिता श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।