गौरीगंज (अमेठी)। जिले में कोरोना कर्फ्यू लगने के बावजूद बाजार में उमड़ रही भीड़ तथा खुल रही दुकानों की सूचना पर खुद डीएम व एसपी सड़क पर निकल पड़े।
सड़क पर मिले लोगों को रोककर बाहर निकले की वजह पूछते हुए बिना काम के बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी। अफसरों ने मातहतों को कर्फ्यू का पूरी तरह से पालन कराने का निर्देश दिया।
शासन के निर्देश पर पिछले शनिवार से लगातार जिले में कोरोना कर्फ्यू लागू है। सहालग के चलते सड़क व बाजार से लोगों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। दुकानदार भी चोरी छुपे दुकानें खोलकर बिक्री कर रहे हैं।
घर में शादी होने के चलते लोग भी सामानों की खरीदारी को लेकर खासा परेशान हैं। बुधवार तक तो बाजारों में सन्नाटा रहा लेकिन बृहस्पतिवार से छोटी बड़ी सभी बाजारों में चहल पहल लौट आई।
तकरीबन सभी तरह की दुकानें खुल गईं। दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सड़कों पर भी अचानक आवागमन बढ़ गया। कर्फ्यू का पूरी तरह से पालन नहीं होता देख बृहस्पतिवार शाम एसपी दिनेश सिंह जगदीशपुर व जायस समेत कई कस्बों का भ्रमण कर बाहर मिले लोगों से पूछताछ की उन्हें बिना काम बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी।
शुक्रवार सुबह डीएम अरुण कुमार व एसपी दिनेश दल बल के साथ कर्फ्यू का पालन कराने के लिए सड़क पर उतर पड़े। जिला मुख्यालय, जामो, जगदीशुपर, कमरौली समेत कई बाजार व कस्बों का भ्रमण किया। इस दौरान जो बाहर मिला अफसरों ने उसे रेाककर बाहर निकलने की वजह जानी।
ऐसे में बिना काम के निकले लोगों को फटकार लगाते हुए दोबारा बिना काम के बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी। एसपी ने सभी एसओ व सीओ को कोरोना कर्फ्यू का पूरी तरह से पालन कराने का निर्देश देते हुए ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने को कहा है।