अमेठी में आयोजित बहुभोज कार्यक्रम में मौजूद युवतियां व उनके परिजन।-संवाद
अमेठी। आर्थिक तंगी में बेटियों की शादी को लेकर परेशान परिवारों की मदद के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि आगे आए हैं। निजी आवास पर आयोजित बहूभोज कार्यक्रम में उन्होंने 101 निर्धन युवतियों को 1.51 लाख रुपये के चेक प्रदान किए। इसमें माता या पिता से वंचित बेटियों को प्राथमिकता दी गई।
कार्यक्रम में बेटियों और उनके परिजनों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी। चेक वितरण के समय राजेश अग्रहरि भावुक होते दिखे। उन्होंने कहा कि मेरी दो बेटियां हैं और आज ये 101 बेटियां भी मेरी ही हैं। अब मेरी 103 बेटियां हो गईं। कभी भी इन्हें किसी भी जरूरत में संकोच नहीं करना चाहिए, मेरा घर इनके लिए हमेशा खुला है। सहायता पाने वाली कई कन्याओं और उनके अभिभावकों की आंखें नम थीं।
उन्होंने कहा कि यह सहयोग उनके लिए किसी देवदूत के आगमन जैसा है, क्योंकि आर्थिक अभाव के कारण वर्षों से विवाह की चिंता बनी हुई थी। प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों की सहायता समाज की सबसे बड़ी सेवा है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इसे प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि भगवान की कृपा से ही ऐसे पुनीत कार्य संभव होते हैं।
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी ने सभी युवतियों को साड़ियां वितरित कीं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि अब घर में 103 साड़ियां खरीदनी होंगी। हमारी बेटियों को अब किसी भी चीज की चिंता करने की जरूरत नहीं। राजेश अग्रहरि ने घोषणा की कि यह सेवा अभियान आगे भी जारी रहेगा। उनकी सामाजिक टीम क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगी ताकि कोई भी बेटी केवल आर्थिक कारणों से अपने जीवन की नई शुरुआत से वंचित न रह जाए।