जजा अस्पताल में हड्डी का ऑपरेशन करते हुए।
गौरीगंज (अमेठी)। संयुक्त जिला अस्पताल में मरीजों के लिए एक और सुविधा की बढ़ोत्तरी हो गई। शुक्रवार को अस्पताल की ओपीडी में हड्डी का पहला ऑपरेशन किया गया। अस्पताल में एक के बाद एक सुविधा की लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। अभी तक जिला अस्पताल को सीएचसी स्तर की दवाएं व अन्य सुविधाएं मिल रही थीं। संचालन के करीब दो साल बाद कोड अलाट हुआ, तब जिला अस्पताल स्तर की दवाएं व अन्य सुविधाएं मुहैया होना शुरू हुईं। अस्पताल में आंख व प्रसूताओं का ऑपरेशन शुरू हुआ। पैथालॉजी में कई प्रकार की जांचें शुरू करा दी गईं।
अस्पताल में अर्थों सर्जन डॉ. वीके गुप्ता की पोस्टिंग होने के बावजूद अब तक हड्डी से संबंधित ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था। अफसरों के निर्देश पर सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने जेम पोर्टल पर निविदा डालते हुए ऑपरेशन में उपयोग होने वाले आवश्यक उपकरणों की खरीद कराई।
शुक्रवार को सर्जन डॉ. बृजेश गुप्ता व बेहोशी के डॉ. अभय गोयल ने पहला ऑपरेशन किया। अमेठी थाना क्षेत्र के गांव भगन का पुरवा निवासी रतीपाल के पुत्र अनिल गुप्ता (18) का कई साल पहले सड़क दुर्घटना में पैर टूट गया था। पैर मेंं स्टील की राड पड़ी थी। दो दिन पहले दोबारा एक दुर्घटना में उसके पैर में पड़ा राड बाहर निकल आया। शुक्रवार को अनिल का ऑपरेशन कर राड बाहर निकाला गया।
वर्जन
अब नियमित होगा ऑपरेशन
जिला अस्पताल आने वाले ऐसे मरीजों को बाहर नहीं ले जाना पड़ेगा जिनका हड्डी संबंधी ऑपरेशन होना होगा। सर्जन बीके गुप्ता द्वारा ऐसे मरीजों का ऑपरेशन कर उनका निशुल्क उपचार किया जाएगा।
बद्री प्रसाद अग्रवाल, सीएमएस