अमेठी। कोरोना वायरस से बचाव के लिए संचालित योजनाओं की अब ऑनलाइन निगरानी होगी। कवायद सफल हो सके इसके लिए राहत आयुक्त ने जिला प्रशासन को पत्र भेजा है। पत्र में सभी कर्मियों के मोबाइल पर राज्य आपदा कोविड-19 एप लोड करते हुए प्रतिदिन सूचना अपलोड कराने को कहा गया है। आयुक्त का पत्र मिलने के बाद डीएम के निर्देश पर सभी कर्मियों को एप लोड कर प्रतिदिन सूचना अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।
लॉकडाउन के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर की गई व्यवस्था की अब ऑनलाइन निगरानी होगी। कवायद सफल हो सके इसके लिए राहत आयुक्त संजय गोयल ने जिला प्रशासन को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है।
राहत आयुक्त का पत्र मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने सभी कर्मियों को अपने मोबाइल पर राज्य आपदा कोविड-19 एप लोड कर सामुदायिक किचेन, आश्रय स्थल पर प्रतिदिन होने वाली गतिविधियों तथा स्वास्थ्य परीक्षण, भोजन वितरण, निवास व्यवस्था समेत सभी गतिविधियों की रिपोर्ट व फोटो अपलोड करने को कहा है।
डीएम ने रिपोर्ट अपलोड करते हुए मोबाइल में जीपीएस सिस्टम ऑन रखने का भी निर्देश दिया है। डीएम ने कर्मियों को लॉकडाउन के दौरान जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए ड्यूटी स्थान से ही सूचना अपलोड करने का निर्देश देते हुए सूचना अपलोडिंग में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
तहसीलदार घनश्याम भारतीय ने डीएम का पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को सभी कर्मियों के मोबाइल में राज्य आपदा कोविड-19 एप लोड करवा दिया गया है। कर्मियों को ड्यूटी स्थल से ही मोबाइल का जीपीएस ऑन कर रिपोर्ट अपलोड करने को कहा गया है। तहसीलदार ने बताया कि एप के माध्यम से सूचना नहीं देने तथा लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।