नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज का निरीक्षण करते पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन वर्मा। स्रोत: पीआरओ सेल
अमेठी सिटी। अयोध्या परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा ने शनिवार को नवीन पुलिस लाइन गौरीगंज पहुंचकर होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने अभ्यर्थियों के बैठने, पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के बाद उन्होंने आगामी सावन मेला और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इसमें संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सतर्क निगरानी पर चर्चा की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।