रामगंज के ढेमा गांव में विकास की मौत के बाद गमगीन परिजन। स्त्रोत : ग्रामीण
भादर। रामगंज के ढेमा गांव के रोहित कुमार (24) और विकास (25) की अर्थियां रविवार को एक साथ उठीं तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद हर किसी की आंख भर आई। ग्रामीण व रिश्तेदार सांत्वना देते रहे, मगर दोनों परिवारों का करुण क्रंदन देख उनकी भी आंखें नम हो गईं।
बनवारीलाल ने बताया कि उनका बेटा रोहित और पड़ोसी विकास शनिवार दोपहर प्रतापगढ़ किसी काम से बाइक से गए थे। लौटते समय अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर कोहंडौर के लाखीपुर गांव के पास प्रतापगढ़ की ओर जा रही तेज रफ्तार कार से भिड़ंत हो गई।
हादसे में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शनिवार रात जैसे ही दुर्घटना की जानकारी परिवारों तक पहुंची, घरों में चीख-पुकार मच गई।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचे तो माहौल करुण क्रंदन से भर गया। मां, बहनें और पिता अपने जवान बेटों को खोकर टूट गए। पूरे गांव में शोक छा गया।