अमेठी। बार एसोसिएशन अमेठी चुनाव में रिकाउंटिंग को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार को सातवें दिन भी शांत नहीं हुआ। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन दयाशंकर शुक्ल के त्यागपत्र के बाद अधिवक्ताओं के बीच पूरे दिन तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के समूह रिकाउंटिंग के मुद्दे पर आपस में बहस करते दिखे।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सदाशिव पांडेय ने कहा कि चेयरमैन दबाव में आकर इस्तीफा दे रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक निष्पक्ष रिकाउंटिंग नहीं कराई जाएगी, तब तक मतपत्रों से भरी अलमारी की सील नहीं खोली जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चेयरमैन को वोटों की दोबारा गिनती कराकर जिसके पक्ष में परिणाम आए, उसे शपथ दिलाने के बाद ही पद छोड़ना चाहिए। उन्होंने त्यागपत्र को अस्वीकार्य बताया।
वहीं चुनाव में विजयी प्रत्याशी एडवोकेट दिनेश सिंह ने कहा कि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण रही। मतगणना के दौरान सभी प्रत्याशियों के एजेंट मौजूद थे और पूरी प्रक्रिया उनके सामने हुई। उन्होंने कहा कि मतगणना में गड़बड़ी के आरोप निराधार हैं। बार काउंसिल की ओर से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाने का आदेश भी जारी किया जा चुका है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं का मत है कि विवाद को समाप्त करने के लिए कुछ अनुभवी अधिवक्ताओं को आगे आकर दोनों पक्षों से बातचीत करनी चाहिए ताकि समाधान निकल सके। मतभेदों के कारण तहसील परिसर का माहौल खराब हो रहा है। इसी के चलते मंगलवार को कोर्ट की नियमित कार्यवाही भी प्रभावित रही।