जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र जामो के गांव पूरे पराग पांडेय मजरे हरगांव निवासी चंद्रहास पांडेय कमरौली स्थित एक फर्टिलाइजर फैक्टरी में नौकरी करते हैं। शनिवार देर रात वह बाइक से ड्यूटी जा रहे थे कि जगदीशपुर-जामो मार्ग स्थित आनंद नगर चौराहे के समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
पीछे से ड्यूटी के लिए निकला उनका पुत्र कुछ देर बाद वहां पहुंचा तो भीड़ देखकर रुक गया। देखा तो घायल उसके पिता निकले। पुत्र ने लोगों की मदद से पिता को फैक्टरी के अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना पर परिवारीजनों में कोहराम मचा है।