गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिले का पुलिस महकमा सक्रिय है। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर पुलिस अफसर लगातार शहरी व ग्रामीण इलाकों में जागरूकता अभियान चला रहे हैं। थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में लाउड स्पीकर के माध्यम से लोगों को कोरोना महामारी से बचाव का तरीका बता रहे हैं।
पुलिस अफसर लोगों से अनावश्यक घर से बाहर न जाने, आवश्यक होने पर मास्क लगाकर ही घर से निकलने तथा सोशल डिस्टेंस का पालन करने की अपील कर रहे हैं। एसपी ने कहा कि सरकार तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी एडवायजरी का पूरी तरह से पालन कराने तथा लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।