अमर उजाला इंपैक्ट:इंजीनियरों की टीम ने दुरुस्त की मशीन, सोमवार को 16 मरीजों की हुई डायलिसिस
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल की खराब डायलिसिस मशीन को इंजीनियरों की टीम ने दो दिन की मेहनत के बाद ठीक कर दिया। इसके बाद सोमवार को 16 मरीजों की डायलिसिस हुई। इससे मरीजों ने राहत की सांस ली है।
असैदापुर स्थित जिला अस्पताल में लगी डायलिसिस मशीन बृहस्पतिवार से बंद हो गई। उसमें आई तकनीकी दिक्कत के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यहां के मरीजों को डायलिसिस के लिए उन्नाव भेजा जाता था। इस समस्या को अमर उजाला ने 5 मई के अंक में डायलिसिस मशीन खराब, मरीजों को भेजा उन्नाव शीर्षक से प्रकाशित किया था। इसके बाद सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने कंपनी के अधिकारियों से बात की। इसके बाद यहां पहुंची इंजीनियरों की टीम ने डायलिसिस मशीन में आई समस्या को ठीक किया।
सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल ने बताया कि डायलिसिस मशीन सही हो गई है। सोमवार को 16 मरीजों की डायलिसिस कराई गई। कंपनी के अधिकारियों से कहा गया है कि समय-समय पर वह भ्रमण करके डायलिसिस मशीन की व्यवस्था देखते रहें ताकि मरीजोें को इस तरह की परेशानी से दोबारा न जूझना पड़े।