लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस ने बढ़ाई निगरानी, अब तक 60 तमंचा व डेढ़ किलोग्राम स्मैक भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी सिटी। चुनावी माहौल में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त मुहिम चलाई है। पुलिस ने जिले के 49 गुंडों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इसके अलावा 29 पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की गई है।
लोकसभा निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के बाद डेढ़ माह में अलग-अलग थाना क्षेत्र में पुलिस अब तक 60 तमंचा के साथ 60 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। नशा मुक्त अमेठी अभियान के तहत अब तक 49 लोगों के कब्जे से पुलिस ने तीन किलोग्राम गांजा व 1.5 किलोग्राम स्मैक बरामद करने का दावा किया है। अभियान में 230 लोगों पर केस दर्ज करते हुए 3887 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद किया है।
पुलिस ने जिले में 7562 लाइसेंसी असलहों में से अब तक 7325 असलहे जमा कराने का दावा किया है। 10021 लोगों को पाबंद किया गया है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि आपराधिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने व चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। तमंचा व स्मैक तस्करी रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।