संग्रामपुर के कालिकनधाम स्थित मंदिर में आयोजित संध्या आरती में शामिल श्रद्धालु।
अमेठी सिटी। नवरात्र पर्व के अवसर पर देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लग रही हैं। शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित की गईं दुर्गा प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण और श्रद्धा का केंद्र बनी हुुई हैं। देवी मंदिरों व पूजा पंडालों में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालु पूजा-अर्चना और साधना में जुटे हैं। साथ ही जयकारे लगा रहे हैं।
आदि शक्ति जगदंबा के पांचवें स्वरूप मातारानी के पूजन-अर्चन के लिए मंगलवार को देवी मंदिर और पूजा पंडालों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अहोरवा भवानी, हिंगलाज माता मंदिर, दुर्गन भवानी धाम, देवीपाटन, माता मवई धाम, कालिकन धाम मंदिर सहित आयोजित दुर्गा पंडालों में भोर से ही पूजन का सिलसिला शुरू हो गया।
शहर के साथ ही ग्रामीण अंचल में स्थापित पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की। नवरात्र को लेकर पूरे शहर का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा के पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कन्या भोज आयोजनों का भी सिलसिला जारी है। उधर, जिले के श्रद्धालु मिर्जापुर स्थित विंध्य पर्वत में विराजमान देवी विंध्यवासिनी के साथ गैर जिले में स्थापित दुर्गा मंदिरों के दर्शन के लिए रवाना हो रहे हैं।
पूजा पंडालों में लग रहे जयकारे
अमेठी। जिले में दुर्गा पूजा की चारों तरफ धूम है। दुर्गा पूजा पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कई पंडालों में देवी जागरण के साथ अन्य धार्मिक गतिविधियां कराई जा रही हैं। भक्त मां दुर्गा की आराधना करते हुए आशीर्वाद मांग रहे हैं। साथ ही मां के जयकारे लगा रहे हैं। अमेठी के ककवा मार्ग स्थित चमुंडा शेरावाली माता पूजा समिति के पंडाल में सोमवार की रात सामूहिक आरती में डाॅ. अजय अग्रहरि परिवार सहित शामिल हुए है। इसके अतिरिक्त विनीत अग्रहरि, राजीव कसौधन, सोनू, अमित रस्तोगी मनीष अग्रहरि अनूप कसौधन डिंपल आदि शामिल हुए। गौरीगंज के गौरीपुर में पूजा पंडाल में आरती के बाद भजन संध्या कार्यक्रम हुआ।