. संग्रामपुर के कालिकन धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लगी कतार। -संवाद
अमेठी सिटी। सहालग के दिनों में जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़े भी मंदिर पहुंचकर मां के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। सोमवार को भोर से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का क्रम देर शाम तक चलता रहा और मंदिर परिसर जयकारों से गूंजते रहे। गौरीगंज स्थित दुर्गन भवानी धाम में सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। महिलाओं ने नारियल, चुनरी और टिकरी चढ़ाकर मनौतियां मांगीं। कई परिवार बच्चों का मुंडन संस्कार कराने भी पहुंचे।
कालिकन धाम में सुबह से लगी कतार
संग्रामपुर। आदि शक्तिपीठ कालिकन धाम में भोर में कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। दिनभर दर्शन-पूजन चलता रहा। धाम परिसर में लगे मेले में भी रौनक रही। पूजन सामग्री, प्रसाद और खिलौनों की दुकानों पर खरीदारी होती रही। बच्चों की भीड़ खिलौनों की दुकानों पर दिखी। कई परिवार मुंडन संस्कार कराने पहुंचे और नवविवाहित जोड़ों ने भी आशीर्वाद लिया।
प्रसाद चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना
सिंहपुर। अहोरवा भवानी धाम में भी श्रद्धालु सुबह से कतार में खड़े दिखाई दिए। नवविवाहित जोड़ों ने विशेष पूजा कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी और प्रसाद चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। धूप के बीच भी लोग धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मंदिर परिसर में शरबत और पेयजल की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को राहत मिली।