संग्रामपुर के कालिकन धाम में दर्शन करते श्रद्धालु। -संवाद
अमेठी सिटी। अधिमास के दूसरे सोमवार को प्रमुख शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। गौरीगंज के राघीपुर स्थित आदि शक्तिपीठ दुर्गन भवानी धाम, संग्रामपुर के कालिकन धाम और सिंहपुर के अहोरवा भवानी मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसरों में जयकारों की गूंज रही।
दुर्गन भवानी धाम में श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने नारियल, चुनरी और टिकरी चढ़ाकर मन्नत मांगी। परिसर स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक कर भक्तों ने भगवान भोलेनाथ की अराधना की। मंदिर परिसर में लगे मेले में प्रसाद, फल, खिलौने और चाट की दुकानों पर दिनभर रौनक रही। कई श्रद्धालुओं ने शरबत और प्रसाद का वितरण भी किया।
कालिकन धाम में भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। मां कालिका मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की। धाम परिसर में पूजन सामग्री और प्रसाधन की दुकानों पर भीड़ रही। मंदिर के पुजारी अभिषेक शास्त्री ने बताया कि अधिमास और ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। प्रसिद्ध अहोरवा भवानी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने माता के दर्शन कर परिवार की खुशहाली की कामना की।