अमेठी। सुबह के दस बजे का वक्त, आसमान में बादल व सूरज की लुकाछिपी का दौर चल रहा था। अमृत भारत में चयनित अमेठी रेलवे स्टेशन का नजारा बिल्कुल बदला हुआ था। स्टेशन के बाहर ही पार्क में बने कार्यक्रम स्थल में एक-एक करके भाजपा नेता पहुंच रहे थे। स्कूली बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे थे। स्कूली छात्रा मनीषा व सुष्मिता से जब पूछा गया कि क्या है आज, जवाब मिला कि हमारा अमेठी बदला-बदला नजर आएगा। बड़े शहरों की तरह यहां का रेलवे स्टेशन होगा, लोग आएंगे तो सुविधाएं बढ़ेंगी। इससे विकास होगा, लोगों को रोजगार मिलेगा। दरअसल, अमेठी रेलवे स्टेशन को केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पहल पर अमृत भारत योजना में चयनित किया है। रेलवे स्टेशन के विकास और सुंदरीकरण के लिए यहां पर 22.7 करोड़ आवंटित किया गया है। स्टेशन को नया स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए तैयार की गई योजना का वर्चुअल शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को किया। अमेठी रेलवे स्टेशन पर बनाए गए कार्यक्रम स्थल पर इसका लाइव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल दूर संचार अभियंता और प्रोजेक्ट के नोडल अधिकारी राहुल कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। वर्चुअल कार्यक्रम में पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह, स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के निजी सचिव व प्रतिनिधि विजय गुप्ता, काशी प्रांत के किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष काशी तिवारी, जिलाध्यक्ष दुर्गेश तिवारी, राघवेंद्र सिंह, अंजू कसौधन ने भौतिक रूप से बाद में शिलान्यास किया।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने नौ साल में भारत को आर्थिक रूप से बहुत समृद्ध किया है। हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री के प्रयास से भारत सोने की चिड़िया वाले ऐतिहासिक स्वरूप को जरूर प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
कार्यक्रम में अतिथियों के साथ जिला महामंत्री सुधांशु शुक्ला, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष विषुव मिश्रा, स्टेशन अधीक्षक जेपी शुक्ल, शब्बीर अहमद सूरी, पूर्व विधायक तेजभान सिंह, दयाशंकर यादव, रश्मि सिंह, उमाशंकर पांडेय, चंद्र मौलि सिंह, घनश्याम चौरसिया, अंजनी कुमार सिंह उर्फ डब्बू सिंह, विन्ध्येश्वरी प्रसाद दूबे, सत्येन्द्र तिवारी, चेयरमैन गौरीगंज रश्मि सिंह, गिरजा शंकर शुक्ल, देव प्रकाश पांडेय, राजू सिंह, फूलचंद कसौधन, परवेज खान आदि मौजूद रहे।
बच्चों को किया गया सम्मानित
वर्चुअल कार्यक्रम से पूर्व स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। पेंटिंग निबंध और भाषण प्रतियोगिता हुई। जिसमें शिव प्रताप इंटर कॉलेज, सरयू देवी सरस्वती विद्या मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर और संगीता सिंह मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में जूनियर उद्भव मोदनवाल, अंशिका यादव अशी श्रीवास्तव तथा जूनियर में अदिति शुक्ला तनिशा और अनुज ने प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध और भाषण प्रतियोगिता में जूनियर व सीनियर में सानवी, अनवी, आदित्य, प्रवीण, वैष्णवी, आदित्य, वेदान्त, अभि, पावनी, प्रज्ञा, साहिबा व आदित्य प्रताप ने स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्र छात्राओं को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
लोग बोले- अमेठी के लिए बड़ी उपलब्धि
अधिवक्ता कालिका प्रसाद ने कहा कि अमेठी सांसद स्मृति ईरानी के नेतृत्व में विकास के अमृतकाल में है। रेलवे स्टेशन अत्याधुनिक रूप में भव्य, दिव्य बनेगा। रंजन तिवारी ने कहा कि अमेठी के लिए बड़ी उपलब्धि है। रेलवे स्टेशन विकसित होने के बाद रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। शान मोहम्मद ने बताया कि यह गौरव की बात है अमेठी रेलवे स्टेशन को देश के नामी-गिरामी रेलवे स्टेशनों के साथ चयनित किया गया। सौरभ तिवारी ने कहा कि रेलवे स्टेशन विकसित होने के साथ ही स्थानीय संस्कृति के बारे में लोगों को जानकारी होगी, वहीं रेलवे स्टेशन पर वाई फई के साथ ही अन्य सुविधाएं यात्रियों को मिलेंगी।
इनसेट
स्टेशन पर यह होंगे काम
- स्टेशन के आगे के हिस्से का सुधार व पोर्टिको की व्यवस्था।
- स्टेशन भवन में यात्रियों के लिए फूड प्लाजा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेबी फीडिंग कक्ष एवं रिटेल सुविधाएं होंगी।
- आरामदायक, टिकाऊ एवं आधुनिक फर्नीचर का प्रबंध।
- एक स्टेशन-एक उत्पाद के तहत कम से कम दो स्टॉल।
- एग्जीक्यूटिव लाउंज एवं व्यावसायिक बैठकों के लिए स्थान, लॉकर रूम।
- सरकुलेटिंग एरिया में सड़क, पार्किंग, हरित पट्टी के विकास की योजना।
- 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण, फूड प्लाजा के रूप में विकास।
- दिव्यांगों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास।
- प्लेटफार्म सतह का सुधार, रैंप, यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त शेड।
- सीसीटीवी कैमरा, वाइफाई के साथ ही जीपीएस क्लॉक व अन्य सुविधाओं का विस्तार।