अमेठी सिटी। 15वें वित्त आयोग से करीब 22 करोड़ से अधिक की धनराशि पंचायतों को भेजी गई है। इस राशि से गांवों में रुके हुए विकास कार्य पूरे किए जाएंगे। साथ ही विकास कार्यों की निगरानी भी की जाएगी।बजट को लेकर कई गांवों में विकास कार्यों को लेकर समस्या आ रही थी। 15वें वित्त आयोग से सर्वाधिक धनराशि ग्राम पंचायत को मिली है। जिसमें करीब 12 करोड़ रुपये जिले के 682 ग्राम पंचायतों के बैंक खाते में भेजी गई है। ग्राम पंचायतों में नाली, खड़ंजा, ठोस-द्रव अपशिष्ट प्रबंधन आदि से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
गांवों में नाली के साथ ही फिल्टर चैंबर, सोख्ता निर्माण, मिट्टी भरान आदि कार्य किए जाने हैं। गांवों में विकास कार्यों में गति आएगी।
जिला पंचायत को शासन से 5.44 करोड़ जारी किए गए हैं। इससे जिला पंचायत की सड़कों का निर्माण, मरम्मत कार्य व अन्य विकास कार्यों में सहूलियत मिलेगी। क्षेत्र पंचायत के लिए भी करीब 5.44 करोड़ रुपये मिले हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि विकास सरकार की ओर से मिले धन से विकास योजनाओं को रफ्तार मिलेगी। धनराशि के खर्च की निगरानी की जाएगी।