अमेठी सिटी। मानसून के दौरान परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को अलर्ट कर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी जर्जर या क्षतिग्रस्त भवन में कक्षाएं संचालित न की जाएं। साथ ही बारिश के दौरान विद्यालयों की नियमित निगरानी कर संभावित खतरे वाले स्थानों को तत्काल चिह्नित किया जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अिधकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि जिन विद्यालयों के भवन, छत, बरामदे, सीढ़ियां या बाउंड्रीवाल कमजोर हैं, वहां सुरक्षा घेरा बनाकर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। यदि जलभराव, छत से रिसाव या दीवारों में दरार जैसी स्थिति मिले तो उसकी सूचना तत्काल बीईओ और बीएसए कार्यालय को दी जाए। आवश्यकता पड़ने पर कक्षाएं वैकल्पिक और सुरक्षित कमरों में संचालित कराई जाएं।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय परिसर की विद्युत व्यवस्था, पेयजल स्रोतों और पुराने पेड़ों की भी जांच कराई जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अिधकारी ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।