अमेठी सिटी। ब्लॉक भेटुआ सीएचसी क्षेत्र में अन्य जिलों से आए हुए लोगों में डेंगू होने की सूचना आने के बाद विभाग अलर्ट है। संबंधित मरीजों के गांव में जाकर टीमें एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ लोगों को जागरूक कर रही हैं।
भेटुआ सीएचसी के हेल्थ सुपवाइजर सुभाष चंद्र पांडेय ने बताया कि 19 तारीख को घटकौर निवासी रीना की डेंगू की जांच की सूचना अन्य जनपद से आईं थी। जानकारी पर मौके पर जब टीम गई तो बताया गया कि रीना रिश्तेदारी में है। वहीं, कोरारी हीरशाह निवासी शशांक दिल्ली में रह कर नौकरी करते हैं। 19 तारीख को दिल्ली से सूचना मिली थी, कि शशांक डेंगू पॉजिटिव हैं। मौके पर टीम गई तो वह घर पर नहीं मिले।
पता चला कि उनका जगदीशपुर के एक निजी हास्पिटल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि 10 दिन पूर्व सुल्तानपुर जनपद से सूचना मिली थी कि पिंडोरिया निवासी श्रेया ऊर्फ स्नेहा भी पॉजिटिव हैं। इसके अलावा अन्य सभी केस काफी पुराने हैं। हेल्थ सुपरवाइजर ने बताया कि जिले में इन मरीजों की जिले में एलाइजा जांच नहीं हुई है। इसलिए यह कन्फर्म डेंगू पॉजिटिव हैं अथवा नहीं, इसकी जानकारी नहीं है।
जिला मलेरिया अधिकारी शेषघर त्रिपाठी ने बताया कि 19 सितंबर को घटकौर गांव निवासी एक व्यक्ति के डेंगू पॉजिटिव मिलने की सूचना थी। जो बाहर हैं। निरोधात्मक कार्रवाई कराई गई है।