अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में शनिवार को एक किशोरी एंटीजन जांच में डेंगू पॉजिटिव मिली। एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर सोमवार को उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। चिकित्सकों के अनुसार मरीज की हालत सामान्य है। जिले में अब तक डेंगू के तीन मरीज मिले चुके हैं, जिनमें दो पूर्णतया स्वस्थ हैं।
अमेठी ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी को कई दिनों से बुखार आ रहा है। शनिवार को परिजनों ने जिला अस्पताल में चिकित्सकों को दिखाया। डेंगू के लक्षण मिलने पर उसकी एंटीजन जांच की गई थी। उसी दिन एलाइजा जांच के लिए सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद सोमवार को एहतियातन मरीज को भर्ती कर लिया गया।
डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि मरीज की हालत पहले से बेहतर हैं। डेंगू से घबराने की जरूरत नहीं है। सावधानी बरतें और बुखार आने पर जांच कराकर उपचार कराएं।
एक सप्ताह से बुखार आ रहा है और दवा लेने के बाद भी आराम नहीं हो तो जांच अवश्य कराएं। बिना जांच के दवा प्रयोग करने पर प्लेटलेट्स कम होने के मामले भी आ रहे हैं। डेंगू की आशंका के चलते ऐसे मरीजों को भर्ती करके इलाज किया जा रहा है।
मरीज के गांव भेजी टीम
अमेठी सीएचसी अधीक्षक डॉ. आलोक तिवारी ने बताया कि डेंगू पॉजिटिव मरीज के गांव में स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भेजी गई है। मरीज के परिवार व आसपास के लोगों की डेंगू, मलेरिया की जांच कराई जा रही है। इसके अलावा सफाईकर्मियों की टोली गांव में जाकर सफाई के साथ एंटी लार्वा दवा का छिड़काव करेगी।