संयुक्त जिला अस्पताल में ओपीडी कक्ष के बाहर लगी मरीजों व तीमारदारों की भीड़। -संवाद
वायरल के साथ ही डेंगू के मरीजों ने बढ़ाई परेशानी, टीमों को किया गया सतर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी। डेंगू का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को डेंगू के 10 मरीज मिले हैं। जबकि दो संदिग्ध मरीजों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। स्वास्थ्य टीमों को सतर्क किया गया है।
मौसम में हो रहे वार का असर बीमारियों पर पड़ रहा है। शनिवार को जिला अस्पताल में कराई गई एलाइजा जांच की रिपोर्ट में जिले के अलग-अलग हिस्सों में दस लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसकी जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियोें को दी गई है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शेषधर द्विवेदी ने बताया कि इसके अतिरिक्त दो संदिग्ध डेंगू मरीज मिले हैं, इनके सैंपल जांच के लिए लिया गया है। संबंधित इलाकों में स्वास्थ्य टीमों को सतर्कता बरतने को कहा गया है।
वहीं, शनिवार को संयुक्त जिला अस्पताल की ओपीडी में दिखाने के लिए मरीजों की भीड़ रही। 650 मरीजों में से 267 मरीज बुखार के मिले हैं। सर्दी के 61, कफ के 64, नाक बहने के 67, दस्त के 39, पेटदर्द के 42 व शरीर में पानी की कमी के महज चार मरीजों ने उपचार कराया है। सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल ने कहा कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा के अनुसार सभी प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। बदलते मौसम में लोगों को सेहत का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।