अमेठी सिटी। भीषण गर्मी में ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों पर भारी पड़ रही है। लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी-प्रयाग रेल खंड पर शुक्रवार को कई ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय से घंटों बाद हुआ, जिससे यात्रियों को तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस जो सुबह 6:56 बजे पहुंचनी थी, वह तीन घंटे विलंब से 10:12 बजे पहुंची। इसी तरह काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस तीन घंटे, पंजाब मेल एक घंटे देरी से रवाना हुई। इतना ही नहीं ट्रैफिक दबाव और तकनीकी कारणों के चलते समर स्पेशल ट्रेनें भी देरी का शिकार रहीं। शुक्रवार को बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस नौ घंटे तो पटना-फिरोजपुर कैंट एक्सप्रेस साढ़े आठ घंटे देरी से संचालित हुई।
इसी तरह दिल्ली-वाराणसी समर स्पेशल भी साढ़े चार घंटे की देरी से पहुंची। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन की जानकारी समय पर नहीं दी जा रही, जिससे परेशानी बढ़ जाती है। अधिकतर लोग तब जागरूक हो पाते हैं, जब गाड़ी स्टेशन पर पहुंचने वाली होती है। गौरीगंज स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने कहा कि यात्रियों को ट्रेन संचालन से जुड़ी सूचनाएं समय-समय पर दी जा रही हैं।