अमेठी सिटी। ताला गांव निवासी धर्म सिंह (58) की प्रयागराज इलाज कराने जाते वक्त ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसा प्रतापगढ़ जिले के देल्हुपुर थाना क्षेत्र स्थित खरसईगांव के पास हुआ। शुक्रवार को जब यह खबर परिजनों को सोशल मीडिया और फोन के जरिये मिली तो गांव में कोहराम मच गया।
मृतक के बेटे भानु प्रताप सिंह के अनुसार बृहस्पतिवार को उनके पिता पीआरएल पैसेंजर ट्रेन से ताला खजुरी स्टेशन से प्रयागराज संगम के लिए निकले थे। देर रात एक मालगाड़ी चालक को खरसईगांव के पास रेले ट्रैक पर शव दिखा, जिसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी गई। स्टेशन मास्टर ने देल्हुपुर पुलिस को अवगत कराया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इधर, धर्म सिंह रातभर घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई।
शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया और फोन के जरिये परिजनों को हादसे की जानकारी मिली। बेटा भानु प्रताप मौके पर पहुंचा और शव की पहचान अपने पिता धर्म सिंह के रूप में की। शुक्रवार देर शाम जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों की करुण पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पत्नी मीना का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटों रवि और भानु प्रताप तथा बेटी रोशनी बेहाल हैं। मृतक की बीमार मां इंद्रमती बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गईं। गांव में हर आंख नम है और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। धर्म सिंह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके निधन से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरा गांव शोक में डूब गया है।