अमेठी सिटी। गौरीगंज कस्बे में परिवार से अलग किराए के मकान में रह रहे बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बृहस्पतिवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसी उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गौरीगंज थानाक्षेत्र के कुशवैरा गांव निवासी तुलसीराम पांडेय (65) परिवार से अलग कस्बे में किराए के मकान में अकेले रहते थे। बृहस्पतिवार रात संदिग्ध हालत में तबीयत खराब होने पर पड़ोसी राज नारायण ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तुलसीराम की मौत के बाद अस्पताल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे मृतक के बड़े पुत्र कृष्णदेव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद ही इस मामले में पुलिस को तहरीर दी जाएगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की सूचना से तुलसीराम के गांव में मौजूद पत्नी सुशीला देवी व छोटे पुत्र बलराम सहित अन्य लोगों को रो-रोकर बुरा हाल है। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि इस मामले में परिजनों की ओर अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। प्रथमदृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत हो रहा है।