जामो (अमेठी)। स्थानीय थाने के शिवनगर हरगांव निवासी युवक सोमवार को घर के कमरे में पंखे से गमछे के सहारे लटका मिला। मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जामो के शिवनगर निवासी उमेश प्रताप सिंह (28) रविवार की रात भोजन करने के बाद घर में अपने कमरे में सोने चला गया था। सोमवार की सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठा तो परिजन उसे उठाने उसके कमरे में गए। अंदर से कमरा बंद होने और आवाज लगाने पर भी कमरे से कोई प्रतिक्रिया न होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़वाकर अंदर गई तो गमछे के सहारे पंखे से उमेश का शव लटक रहा था। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि युवक के परिजनों के मुताबिक वह डिप्रेशन में चल रहा था। उसकी शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी लेकिन विवाद के चलते पत्नी एक माह से मायके में रह रही थी। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।