जामो (अमेठी)। स्थानीय थानाक्षेत्र के पूरे ठकुराईन मजरे चितईपुर गांव में बुधवार की दोपहर कमरे में फंदे से विवाहिता का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव को उतराते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पूरे ठकुराईन मजरे चितईपुर गांव निवासी संदीप का विवाह 2020 में मोहनगंज थाने के मत्तेपुर शंकरगंज निवासी श्यामलाल की पुत्री आरती से हुआ था। बुधवार को ससुराली जन घर से बाहर खेती-किसानी के काम से गए थे। तभी संदिग्ध हालात में आरती का शव कमरे में फंदे का लटका मिला। परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस के साथ आरती के मायके वालों को दी।
पुलिस ने विवाहित का मामला होने के कारण एसडीएम राकेश कुमार को देते हुए मजिस्ट्रेट की मांग की। पुलिस की मांग पर एसडीएम नायब तहसीलदार को मजिस्ट्रेट नामित करते हुए मौके पर भेजा। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने वीडियोग्राफी कराते हुए शव को फंदे से नीचे उतार पंचायतनामा के आधार पर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
वहीं, मायके पक्ष के लोगों की ओर से भी फिलहाल मामले की कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। विवाहित के मौत के बाद परिजनों को रो-रोकर हाल बेहाल है तो ग्रामीण भी गमगीन है। एसएचओ विवेक सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। सुसराल जनी और मायके पक्ष के लोगों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। यदि तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।