तिलोई/राजा फत्तेपुर (अमेठी)। मोहनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत रस्तामऊ गांव का युवक सोमवार की शाम घर से निकला, लेकिन वापस नहीं आया। मंगलवार की सुबह गांव के निकट बाग में उसका शव पड़ा मिला। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। खुलासे के लिए स्वाट समेत तीन टीमें लगाई गई हैं।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत रस्तामऊ गांव निवासी अतीक का पुत्र दानिश (18) सोमवार शाम घर से अकेले निकला था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजन उसे ढूंढने लगे। रात होने के चलते कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने सूचना डायल 112 को दी थी। मंगलवार की सुबह गांव के पास स्थित बाग में ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखा। लोग पास गए तो उसकी पहचान दानिश के रूप में हुई।
ग्रामीणों की सूचना पर एसएचओ धीरेंद्र यादव व सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे गए। सूचना मिलने के बाद एएसपी हरेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंच गए। एएसपी ने परिजन व ग्रामीणों से अलग-अलग बात कर जानकारी ली। अफसरों के निर्देश पर फारेंसिंक टीम भी मौके पर पहुंचकर कई नमूना एकत्र कर उसे जांच के लिए भेजा है।
मोहनगंज पुलिस ने शव का पंचनामा कराते हुए उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पिता अतीक ने पुत्र की हत्या करने की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खुलासे के लिए स्वाट टीम प्रभारी धीरेंद्र वर्मा, सर्विलांस व थाने की तीन टीमें गठित की गई हैं। टीमें कई पहलुओं पर पूरे प्रकरण की जांच करने में जुटी हैं।
जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी
मृतक के गले पर निशान मिला है। खुलासे के लिए लगाई गई टीमें सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। जल्द ही हत्या में शामिल आरोपी गिरफ्तार किए जाएंगे। उनकी ओर से पूरी घटना पर निगरानी की जा रही है।
डॉ. इलामारन जी., एसपी