अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम में बेटियों ने सफलता का मुकाम हासिल किया है। यूपी बोर्ड की जिले की टाॅप टेन मेरिट में 24 बेटियों ने जगह बनाई है। वहीं, हाईस्कूल में 91.25 व इंटर में 91.74 फीसदी बेटियों को सफलता मिली है।यूपी बोर्ड की हाईस्कूल में इस साल कुल 28 हजार 128 पंजीकृत छात्रों में 14526 बालक व 13602 बालिकाएं पंजीकृत थी। इसमें से 13630 बालक व 13146 बालिका ने परीक्षा दी। शनिवार को जारी परिणाम में 10658 बालक व 11996 बालिकाओं ने सफलता हासिल करके बालकों को पीछे छोड़ दिया। इंटरमीडिएट की बात करें तो इस साल कुल 21502 पंजीकृत छात्रों में से 10694 बालक व 10358 बालिकाएं शामिल थी। इसमें से 10444 बालक व 10235 बालिकाओं ने परीक्षा में हिस्सा लिया। जारी परिणाम में 8281 बालक व 9390 बालिकाओं ने परीक्षा में सफलता हासिल की है। यही नहीं, यूपी बोर्ड से जारी जिला स्तरीय टॉप टेन की मेरिट में 24 बेटियों ने जगह बनाई है। इसे शिक्षा क्षेत्र के लिए एक शुभ संकेत माना जा रहा है।
प्रधानाचार्य अर्चना कृष्ण पांडेय का कहना है कि बालिका शिक्षा के लिए यह एक अच्छी खबर है। बालिकाएं शिक्षा की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है। मनरेगा उपायुक्त प्रवीणा शुक्ला का कहना है कि यह एक अच्छी खबर है। इससे बेटियों को और आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।