अमेठी सिटी। खाद संकट से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। डीएपी की किल्लत को लेकर लगातार अमर उजाला में प्रकाशित खबरों के बाद प्रशासन हरकत में आया और रविवार को दिनभर रैक पाइंट से खाद भेजने की कवायद चलती रही। सोमवार सुबह से 25 समितियों और पांच इफको केंद्रों पर डीएपी वितरण शुरू होने की उम्मीद है।
धान की रोपाई तेज होने के साथ ही जिले में डीएपी की मांग बढ़ी है। जुलाई में करीब 25 हजार क्विंटल की जरूरत बताई गई है, लेकिन केंद्रों व समितियों पर खाद न मिलने से किसान परेशान थे। अमर उजाला में खबर छपने के बाद कृषि विभाग को बफर स्टॉक से पांच हजार क्विंटल खाद निकालनी पड़ी, साथ ही रायबरेली रैक से भी पांच हजार क्विंटल डीएपी मंगाकर आपूर्ति शुरू कर दी गई। शनिवार शाम गौरीगंज रेलवे स्टेशन स्थित रैक पाइंट पर 17 हजार क्विंटल डीएपी व एनपीके की खेप पहुंची।
इसके बाद ट्रकों के जरिये खाद को विभिन्न समितियों व केंद्रों तक भेजने का काम शुरू हुआ। रविवार को जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, इफको क्षेत्रीय प्रबंधक शिशुपाल समेत अन्य अधिकारी रैक पाइंट पर मौजूद रहकर उर्वरक भेजने की निगरानी करते रहे। जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार यादव ने बताया कि रैक आने के बाद सरकारी व निजी दुकानों पर 28 हजार क्विंटल डीएपी मौजूद है। सोमवार से खाद का वितरण शुरू होगा। किसानों को अब किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।