.संग्रामपुर के सिद्धपीठ कालिकन धाम में दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु।-संवाद
संग्रामपुर (अमेठी)। आदि शक्तिपीठ कालिकन धाम में सोमवार को मां कालिका के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने मां के जयकारों के साथ माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। भक्तों ने मेले का भी लुत्फ उठाया।
चातुर्मास के दूसरे महीने भादो के सोमवार को सिद्धपीठ कालिकन में भोर से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं का रेला कालिकन देवी के दर्शन को उमड़ पड़ा। जय कालिकन मैया के जयकारे लगाते भक्तों की टोली मंदिर के गर्भगृह के सामने कतार में दिखी। पूजन सामग्री और प्रसाद हाथ में लिए देवी भक्तों की टोली दर्शन के लिए आगे बढ़ रही थी। भोर से शुरू हुआ क्रम दोपहर बाद तक चलता रहा।
महिलाएं व श्रद्धालु मनौती मानने और पूरी होने पर टिकरी चढ़ाने पहुंचे। मंदिर के पास बनी बारादरी में टिकरी का प्रसाद तैयार कर महिलाओं ने मां को अर्पित किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कालिकन धाम के पीठाधीश्वर व मंदिर के पुजारी श्रीमहाराज ने बताया कि मनौती मांगने और इसके पूरी होने पर श्रद्धालु मां के दर्शन को पहुंच रहे हैं। प्रत्येक सोमवार की तरह इस बार भी धाम में मेले का आयोजन किया गया, जिसमें दूरदराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बच्चों के खिलौनों, मिठाइयों और पूजन सामग्री की दुकानों पर जमकर बिक्री हुई।