अमेठी। जिले की सभी ब्लॉकों में क्राॅप सर्वे को लेकर कार्य तेजी से चल रहा है। जिला स्तरीय अधिकारी प्रतिदिन शाम को सर्वे की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।
तीन दिन पूर्व तक जिला क्राॅप सर्वे में प्रदेश में 69वें नंबर पर था। शुक्रवार सुबह पोजीशन बढ़कर 63 हो गई है। जिले की 13 विकास खंडों की 682 में से 609 ग्राम पंचायतों में काम तेज है। 73 ग्राम पंचायतें अभी भी पीछे हैं। अमेठी की 50 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 85 राजस्व गांव हैं। भादर में 35 राजस्व गांवों में पंचायत सहायक और अन्य राजस्व गांवों में लेखपाल और कृषि विभाग के कर्मी क्राॅप सर्वे में लगाए गए हैं।
पंचायत सहायकों ने 23 राजस्व गांवों में काम शुरू किया है। विकास खंड संग्रामपुर की 37 ग्राम पंचायतों में 51 राजस्व गांव हैं। शुक्रवार तक 40 राजस्व गांवों में क्राॅप सर्वे का काम शुरू हुआ है। शुक्रवार शाम खंड विकास अधिकारी विनय कुमार वर्मा ने क्राॅप सर्वे के काम की वर्चुअल समीक्षा की और ग्राम पंचायत अधिकारियों को काम तेज करने के निर्देश दिए।