गौरीगंज (अमेठी)। जिले के रेलवे स्टेशन व बस अड्डों पर अब 24 घंटे स्वास्थ्य टीम मौजूद रहेगी। टीम बाहर से आने वाले सभी यात्रियों की जांच करेगी।
डीएम के आदेश पर सोमवार को सीएमओ ने गौरीगंज, अमेठी, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर व तिलोई सीएचसी अधीक्षक को पत्र भेजकर आदेश का पालन कराए जाने का निर्देश दिया है। कोविड-19 संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों से आने वाले यात्रियों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
डीएम अरुण कुमार ने बाहर से आने वाले सभी लोगों की जांच कराने का निर्देश दिया है। डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे ने सोमवार को गौरीगंज, अमेठी, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर तथा तिलोई सीएचसी अधीक्षक को पत्र भेजा है।
पत्र में सभी को परिवहन व रेलवे अफसरों से समन्वय स्थापित करते हुए बाहर से आने वाले सभी यात्रियों की जांच करने तथा तेज बुखार, खांसी आदि से पीड़ित मरीज की सैंपलिंग कराने की व्यवस्था कराने को कहा है। सीएमओ ने रेलवे तथा बस स्टेशन पर नियमित रूप से स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है।