अमेठी सिटी। जिला गठन के 14 वर्ष बाद भी मुख्यालय पर रोडवेज बस स्टेशन नहीं बन सका। जिला योजना समिति सदस्य व सभासद की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने चिन्हित भूमि पर बस स्टेशन निर्माण की मांग तेज कर दी है। शुक्रवार को सभासदों ने एडीएम को ज्ञापन देकर जिला मुख्यालय पर बस स्टेशन निर्माण की मांग उठाई है। शुक्रवार को सभासद राजेश कुमार की अगुवाई में सभासदों व किसानों ने एडीएम अर्पित गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। बताया है कि जिला मुख्यालय गौरीगंज पर बस अड्डा निर्माण के लिए 2022 में असैदापुर गांव में भूमि चिन्हित की गई थी। जनवरी 2023 को नगर पालिका से अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने की मांग की गई थी, नगर पालिका ने अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर एसडीएम गौरीगंज को दिया था।
जिला मुख्यालय पर बस स्टॉप बनवाया जाए। किसान और खातेदार जमीन देने को तैयार हैं। इस मौके पर सभासद विवेक कुमार, शशि कांत गुप्ता, सूर्या त्रिपाठी, आशीष तिवारी आदि मौजूद रहे।