अमेठी। जिले में सोमवार को 12 केंद्रों पर 352 कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया गया। इस चरण में भी सूचीबद्ध लोगों में से 761 टीका लगवाने नहीं आए। टीका लगने के बाद सभी को 30 मिनट तक अलग कक्ष में बैठाया गया। हालांकि टीका लगवाने वालों में से किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई।
कोविड-19 संक्रमण से बचाने के लिए सोमवार को 12 केंद्रों पर टीकाकरण के लिए 17 प्वाइंट बनाए गए थे। प्रत्येक केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मी टीकाकरण के लिए पूर्व से ही चिन्हित थे। सुबह दस बजे टीकाकरण कार्य शुरू किया गया। इस दौरान सभी पर चिन्हित लोगों को टीका लगाया गया। टीका लगाने के बाद सभी को प्रतीक्षा कक्ष में 30 मिनट तक बैठाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकरी डॉ. सीएस अग्रवाल ने बताया कि सूचना के बावजूद सभी प्वाइंट पर सिर्फ 352 लोग ही वैक्सीन लगवाने पहुंचे। सीएमओ डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि अब तक टीका लगवाने वाले किसी भी स्वास्थ्य कर्मी को कोई दिक्कत नहीं हुई। कोरोना वैक्सीन को लेकर फैलाई जा रही किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें।