गौरीगंज (अमेठी)। जिला मुख्यालय स्थित लेबल-2 अस्पताल में भर्ती तीन कोरोना पॉजिटिव मरीजों की बुधवार को मौत हो गई। तीन में से एक को 26 तो दो को 27 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। बुधवार को हुई तीन मौतों के साथ जिले में कोरोना से अब तक हुई मौतों का आंकड़ा 77 पहुंच गया है।
जिले में कोरोना संक्रमण से मौत का सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हर रोज बड़ी संख्या में संक्रमित मरीज मिल रहे हैं वहीं मौत का आंकड़ा भी हर रोज बढ़ता जा रहा है। अमेठी के भवानीगढ़ की रहने वाली महिला रैंडम सैंपलिंग में 26 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव मिली थी। इसी तरह उसरहा सिंहपुर के व पूरे गुलाल पांडेय शाहगढ़ के दो अधेड़ व्यक्ति 27 अप्रैल को हुई रैंडम सैंपलिंग में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। तीनों को पॉजिटिव मिलते ही लेबल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में इनकी हालत शुरू से ही क्रिटिकल थी। बुधवार को एक-एक कर तीनों लोगों की मौत हो गई।
मौत के बाद सभी के शव उनके परिवारीजनों को दे दिए गए हैं। डीएम अरुण कुमार ने बताया कि मंगलवार को हुई तीन मौतों के साथ जिले में अब तक कोरोना से हुई मौतों का आंकड़ा 77 तक पहुंच गया है। डीएम ने कहा कि प्रशासन अपनी कोशिश कर रहा है। लोगों को भी चाहिए कि वे बिना काम के घर से बाहर नहीं निकलें। घर पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेकर इलाज कराएं।