अमेठी। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की कोशिश के चलते जिले में कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे कम हो रहा है। मंगलवार रात 1,837 लोगों की जांच रिपोर्ट में 1,828 की निगेटिव तो नौ स्थानीय लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम ने संक्रमित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए प्रोटोकॉल के तहत बचाव कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन को शनिवार देर रात 19 व 20 अक्टूबर को अलग-अलग स्थानों से एंटीजन, ट्रूनॉट व रैपिट टेस्ट विधि से स्वास्थ्य विभाग की ओर से संकलित 1,837 लोगों की सैंपलिंग रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में नौ स्थानीय नागरिक के संक्रमित होने तथा 1,828 की रिपोर्ट निगेटिव मिली।
रिपोर्ट में जगदीशपुर के इंडोगल्फ में रहने वाले तीन नागरिक के साथ भेटुआ व अमेठी ब्लॉक के अलग-अलग गांव के दो-दो तथा गौरीगंज व बहादुरपुर ब्लॉक के एक-एक स्थानीय नागरिक शामिल हैं।
रिपोर्ट मिलने के बाद अस्पताल में भर्ती व होम आइसोलेट चार संक्रमितों के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 2,755 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से उपचार के बाद 2,415 सही हो चुके हैं। वर्तमान में 215 मरीज अस्पताल व होम आइसोलेट रहकर उपचाराधीन हैं।