गौरीगंज (अमेठी)। पखवारे भर से जिले में लगातार घट रही कोरोना संक्रमितों की संख्या बुधवार को अचानक बढ़ गई। देर शाम मिली रिपोर्ट में एक साथ 55 संक्रमित पाए गए जिसमें गौरीगंज तहसील क्षेत्र के सर्वाधिक 30 लोग शामिल हैं। रिपोर्ट में लखनऊ के केजीएमयू एल-3 अस्पताल में इलाज के दौरान संक्रमित एक किशोर की मौत भी हो गई। रिपोर्ट मिलते ही डीएम ने संक्रमितों को बेहतर उपचार की सुविधा मुहैया कराने तथा गठित टीमों को और सक्रिय करने का निर्देश जारी कर दिया।
पिछले तीन दिन पहले जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 100 के नीचे पहुंच गई। यही नहीं जिला प्रशासन को मिल रही रिपोर्ट में पांच से नौ लोग संक्रमित मिल रहे थे। जिले में लगातार घट रही मरीजों की संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग राहत महसूस कर ही रहा था कि बुधवार देर रात मिली 1,417 सैंपलों की रिपोर्ट में 55 कोरोना संक्रमित पाए गए जबकि एक संक्रमित किशोर की इलाज के दौरान लखनऊ के केजीएमयू में संचालित एल-3 अस्पताल में मौत हो गई।
जिला प्रशासन को मिली रिपोर्ट में अकेले गौरीगंज तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 30 लोग शामिल हैं। रिपोर्ट में गौरीगंज ब्लॉक के 25, शाहगढ़, बाजार शुकुल व बहादुरपुर के तीन-तीन, जामो, जगदीशपुर व मुसाफिरखाना के दो-दो, अमेठी के पांच, भेटुआ के नौ तथा सिंहपुर ब्लॉक का एक स्थानीय नागरिक शामिल है। रिपोर्ट मिलने के बाद जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
डीएम अरुण कुमार ने सीएमओ डॉ. अरुण कुमार दुबे को तत्काल संक्रमित मिले लोगों से समन्वय स्थापित कर 60 वर्ष से अधिक आयु वालों व गंभीर बीमारी से ग्रसित संक्रमितों को अस्पताल में भर्ती कराने तथा होम आइसोलेट वाले मरीज को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि जिले में अब तक 3,150 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। इलाज के दौरान अब तक 2,978 स्वस्थ हो चुके हैं तो 30 की मौत हो चुकी है।